बहादुरगंज में खाद की कालाबाजारी पर विधायक तौसीफ आलम का बड़ा प्रहार: बैसा लौचा में दो गुनी कीमत वसूलने वाली दुकान पर कराया कार्रवाई
10 Aug 2026, 12:57 PM
बहादुरगंज /किशनगंज
बिहार के किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत लौचा पंचायत से किसानों के शोषण और खाद की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बैसा लौचा स्थित एक खाद दुकान पर किसानों से निर्धारित सरकारी दर (MRP) से लगभग दो गुनी कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर स्थानीय विधायक तौसीफ आलम ने त्वरित और कड़ा एक्शन लिया है। विधायक के इस अचानक एक्शन से क्षेत्र के खाद माफियाओं और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैसा लौचा के स्थानीय किसान हाशिम तेघरिया समेत कई अन्य किसानों ने बहादुरगंज के विधायक तौसीफ आलम से संपर्क की ओर दुकान दार के खिलाफ शिकायत की । किसानों का आरोप था कि स्थानीय खाद विक्रेता द्वारा सरकारी दरों की अनदेखी की जा रही है। जिस खाद की बोरी की निर्धारित कीमत लगभग ₹266 से ₹300 के बीच होनी चाहिए, उसके लिए किसानों से ₹450 से लेकर ₹500 तक ऐंठे जा रहे थे।
किसानों का कहना था कि जब वे इसका विरोध करते, तो उन्हें बिना खाद दिए वापस लौटा दिया जाता था। क्षेत्र में खाद की किल्लत और जरूरत का फायदा उठाकर दुकानदार खुलेआम कालाबाजारी कर रहा था।
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचे विधायक
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक तौसीफ आलम ने बिना किसी देरी के सीधे बैसा लौचा स्थित खाद दुकान का रुख किया। विधायक के अचानक मौके पर पहुंचने से दुकान पर आसपास के लोग भी जमा हुए और लोगों से बातचीत कर मामले का खुलासा किया ।
मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता किसान हाशिम और अन्य स्थानीय लोगों ने विधायक के सामने पूरी आपबीती सुनाई। किसानों ने सीधे तौर पर विधायक को बताया कि किस तरह उनसे एक-एक बोरी खाद के लिए ₹450 से ₹500 तक मांगे जा रहे हैं और रसीद मांगने पर टालमटोल किया जाता है।
आगे पढ़ें ....
कृषि समन्वयक को मौके पर तलब कर कराई जांच
घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक तौसीफ आलम ने तुरंत कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी धनंजय कुमार (कृषि समन्वयक - Agriculture Coordinator) बहादुरगंज को मौके पर बुलाया।
कृषि समन्वयक के पहुंचने पर विधायक ने किसानों और दुकान पर मौजूद स्टॉक की आमने-सामने बात की । जांच के दौरान किसानों के आरोप सही पाए गए। दुकानदार के पास सरकारी मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं थी और ना ही वह पारदर्शी तरीके से बिक्री का सही रिकॉर्ड था ।
दुकान पर तुरंत कराया गया कार्रवाई
जांच में अनियमितता और ओवरप्राइजिंग (अधिक दाम वसूलने) की पुष्टि होने के बाद विधायक तौसीफ आलम ने कृषि समन्वयक को सख्त निर्देश दिए कि इस दुकान के डीलर पर कार्रवाही की प्रक्रिया शुरू की जाए और दुकान पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई किया जाए।
अधिकारियों ने विधायक और ग्रामीणों की मौजूदगी में सारी बाते समझ कर संबंधित खाद दुकान पर मौके पर ही कार्रवाई की ।
विधायक तौसीफ आलम का कड़ा बयान
कार्रवाई के दौरान विधायक तौसीफ आलम ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा:
"किसान हमारे अन्नदाता हैं और उनके हितों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार द्वारा खाद की दरें तय हैं, लेकिन कुछ मुनाफाखोर किसान भाइयों की मजबूरी का फायदा उठाकर अधिक दाम वसूल रहे हैं। आज बैसा लौचा की दुकान पर कार्रवाई की गई है। बहादुरगंज विधानसभा के या किशनगंज जिला के किसी भी कोने में अगर कोई दुकानदार खाद की कालाबाजारी करेगा या किसानों को परेशान करेगा,या अवैध वसूली करेगा तो उसके खिलाफ इसी तरह सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।"
क्षेत्र के किसानों की परसंसा
विधायक द्वारा मौके पर पहुंचकर तुरंत कराई गई इस कार्रवाई से स्थानीय किसानों और ग्रामीणों में काफी संतोष और खुशी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि इसी तरह सक्रिय रहकर अधिकारियों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर कार्रवाई करेंगे, तो बिचौलियों और भ्रष्ट दुकानदारों के हौसले पस्त होंगे।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि क्षेत्र की अन्य खाद दुकानों पर भी निगरानी रखी जाएगी और दर सूची चिपकाना अनिवार्य किया जाएगा ताकि किसानों को उचित मूल्य पर ही खाद मिल सके।
"Disclaimer: Content used for news reporting and public awareness under Fair Dealing provisions."