• NH-327E पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाबा-धाम से लौट रही तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग किसान को रौंदा, पूर्णिया ले जाते वक्त तोड़ा दम; कार सवार भी घायल स्थान: बहादुरगंज (किशनगंज), बिहार
16 Aug 2026, 09:20 AM
(विस्तृत समाचार)किशनगंज/बहादुरगंज: किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ने...
NH-327E पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाबा-धाम से लौट रही तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग किसान को रौंदा, पूर्णिया ले जाते वक्त तोड़ा दम; कार सवार भी घायल स्थान: बहादुरगंज (किशनगंज), बिहार
16 Aug 2026, 09:20 AM
(विस्तृत समाचार)
किशनगंज/बहादुरगंज:
किशनगंज जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 327E (NH-327E) पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। बागी चौक चौरसी गांव मोड़ के समीप तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित अर्टिगा कार ने सड़क किनारे पैदल खेत जा रहे एक बुजुर्ग किसान को बुरी तरह रौंद दिया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि किसान गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क किनारे गिर पड़ा, जबकि अनियंत्रित कार सड़क से नीचे गड्ढे में पलटते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद पूर्णिया रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं कार में सवार कई लोग भी चोटिल हुए हैं।
सुबह खेत की ओर काम करने जा रहे थे बुजुर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज प्रखण्ड अंतर्गत चौरासी गांव के स्थानीय निवासी वृद्ध किसान सहमुद्दीन लगभग 6 बजे अपने हाथ में कुदाल लेकर रोजमर्रा की तरह खेत में काम करने जा रहे थे। वे सड़क किनारे पैदल ही आगे बढ़ रहे थे। की तभी विपरीत दिशा से आ रही सफेद रंग की अर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: WB 76C 1651) अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक गाड़ी पर से संतुलन खो बैठा और उसने सड़क किनारे जा रहे किसान सहमुद्दीन को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार सड़क से नीचे झाड़ियों और एक कच्चे निर्माण के पास जाकर पलट गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए और उसका ऊपरी कैरियर व शीशे टूट कर बिखर गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, एंबुलेंस से भेजा गया अस्पताल
हादसा होते ही मौके पर जोरदार आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। सुबह-सवेरे हुए इस भीषण हादसे को देखकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़े सहमुद्दीन को ग्रामीणों की मदद से तत्काल इलाज के लिए किशनगंज भेजा गया। किशनगंज में डॉक्टरों ने घायल की नाजुक स्थिति और गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत बड़े अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया।
पूर्णिया ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिजनों में मातम
परिजनों व ग्रामीणों द्वारा घायल सहमुद्दीन को एंबुलेंस से पूर्णिया ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक किसान के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल छा गया है। परिजन व ग्रामीण इस असमय हुई मौत से सदमे में हैं और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग कर रहे हैं।
देवघर से बाबा भोलेनाथबोलबम दर्शन कर सिलीगुड़ी लौट रहे थे कार सवार
स्थानीय सूत्रों व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त मारुति अर्टिगा कार (WB 76C 1651) में सवार यात्री बोलबम (देवघर) से बाबा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन और जलाभिषेक कर वापस सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) की ओर लौट रहे थे। गाड़ी पर धार्मिक चुनरी व बोलबम का ध्वज भी लगा था। हादसे में कार के अंदर सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी जख्मी यात्रियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बहादुरगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची प्रशासन, जांच में जुटी पुलिस
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर यातायात को सुचारू कराया और दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। बहादुरगंज थाना प्रशासन द्वारा मृतक के शव को पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के सही कारणों व गति सीमा की गहन जांच की जा रही है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।